Interest money will be transferred to PF accounts: सरकार ने देश के 7 करोड़ से ज्यादा पीएफ खाताधारकों के लिए चालू वित्तवर्ष की ब्याज दरें तय कर दी हैं. सरकार ने वित्तवर्ष 2025-26 के लिए भविष्य निधि खाते की ब्याज दर 8.25 फीसदी पर बरकरार रखी है. इसका मतलब है कि मार्च में समाप्त होने वाले वित्तवर्ष के लिए खाताधारकों को सवा 8 फीसदी का ब्याज मिलेगा. इस खबर से पीएफ खाताधारक जितने ज्यादा उत्साहित हैं, उतना ही उनके मन में सवाल भी उठ रहा है कि आखिर सरकार कैसे पीएफ की ब्याज दरें तय करती है और एक खाताधारक कैसे अपने पीएफ बैलेंस को चेक कर सकता है.
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) हर साल अपने सब्सक्राइबर के खाते में ब्याज को जमा करता है. ब्याज दर जमा करने से पहले वित्त मंत्रालय और ईपीएफओ हर वित्तवर्ष के लिए ब्याज दरें तय करते हैं और फिर उसे सभी खाताधारकों के अकाउंट में क्रेडिट करते हैं. पिछले कुछ साल से पीएफ की ब्याज दर सवा 8 फीसदी पर बरकरार है. लिहाजा इस वित्तवर्ष की समाप्ति पर ईपीएफओ इस ब्याज दर को सभी खाताधारकों के अकाउंट में ट्रांसफर कर देगा.
कैसे तय होती है पीएफ की ब्याज दर
ईपीएफओ भले ही पीएफ की ब्याज दर सालाना आधार पर अकाउंट में ट्रांसफर करता है, लेकिन इसकी गणना हर महीने के आधार पर की जाती है. ईपीएफओ खाताधारक के खाते में हर महीने के बैलेंस के हिसाब से ब्याज तय करता है और उसे महीने दर महीने जोड़कर साल के आखिर में खाते में ट्रांसफर किया जाता है. लिहाजा आपके खाते में हर महीने जमा होने वाली पीएफ की रकम पर उसी महीने से ब्याज भी मिलता शुरू हो जाता है और सभी को जोड़कर साल के आखिर में कुल 12 महीने का ब्याज डाल दिया जाता है.
कब खाते में आता है ब्याज का पैसा
पीएफ खाते पर ब्याज की गणना महीने के आधार पर की जाती है. लिहाजा वित्तवर्ष के समाप्त होने तक इसकी गणना चलती रहती है और जब 31 मार्च को वित्तवर्ष खत्म हो जाता है तो पूरे साल का ब्याज महीने के आधार पर कैलकुलेट करके उसे खाताधारक के अकाउंट में डिपॉजिट कर दिया जाता है. आमतौर पर ब्याज की रकम अगले वित्तवर्ष के शुरू होने के बाद जुलाई से दिसंबर के बीच जमा की जाती है. अगर इस दौरान आप जॉब बदलते हैं तो पुराने खाते का पैसा और उस पर मिलने वाला ब्याज नए पीएफ खाते में ट्रांसफर कर दिया जाता है.
Interest money will be transferred to PF accounts. कैसे चेक कर सकते हैं बैलेंस
- सबसे पहले ईपीएफओ के ऑफिशियल पोर्टल epfindia.gov.in पर UAN और पासवर्ड से लॉगिन करें.
- फिर View Passbook पर क्लिक करें.
- यहां सालाना इंटरेस्ट क्रेडिट एंट्री दिखेगी (जैसे Interest Credit for FY 2025-26).
- ट्रांसफर स्टेटस चेक करने के लिए Track Claim Status पर जाएं.
- UAN डालकर चेक करें (ट्रांसफर क्लेम का स्टेटस दिखेगा).
- UMANG ऐप या EPFO मोबाइल ऐप से भी पासबुक और स्टेटस चेक कर सकते हैं.